मुंगेली। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा लगातार अभियान चलाने और स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है। इसका ताजा उदाहरण विनोबा भावे वार्ड क्रमांक 21 में देखने को मिला, जहां वार्ड पार्षद के नाम और स्वच्छता संदेश वाले बोर्ड के ठीक नीचे भारी मात्रा में कचरा जमा हुआ है।
क्षेत्र में फैली गंदगी न केवल नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रही है, बल्कि पार्षद कि उदासीनता और निष्क्रियता को दर्शाती है साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण जैसे अभियानों की गंभीरता पर भी सवाल खड़े कर रही है। तस्वीर में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क किनारे प्लास्टिक, घरेलू कचरा, पॉलिथीन और अन्य अपशिष्ट कई दिनों से जमा हैं। कचरे के ढेर के कारण आसपास दुर्गंध फैल रही है और क्षेत्र में मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस स्थान पर लोगों को स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है, उसी स्थान पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे यह सवाल उठना लाजिमी है कि जब प्रमुख स्थानों की यह स्थिति है, तो वार्ड के अन्य इलाकों में सफाई व्यवस्था कितनी प्रभावी होगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की नियमित निगरानी नहीं होने के कारण कई स्थानों पर कचरा समय पर नहीं उठाया जाता। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। रहवासियों के अनुसार बरसात के मौसम में यही कचरा नालियों को जाम कर सकता है, जिससे जलभराव और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
नगर पालिका प्रशासन हर वर्ष स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन का दावा करता है, लेकिन वार्ड स्तर पर पार्षद की निष्क्रिय साफ दिखाई दे रही यह लापरवाही उन दावों की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा रही है। नागरिकों का कहना है कि केवल बोर्ड लगाने और प्रचार-प्रसार करने से शहर स्वच्छ नहीं होगा, बल्कि नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करना भी आवश्यक है।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन और वार्ड पार्षद इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक क्षेत्र को गंदगी से मुक्त कराया जाता है। फिलहाल यह दृश्य स्वच्छता व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल बनकर खड़ा है।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
