मुंगेली। आगामी संगठनात्मक चुनावों को लेकर युवा कांग्रेस ने जिले में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया। प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव से संबंधित दिशा-निर्देशों, पात्रता, नामांकन प्रक्रिया एवं शुल्क संरचना की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर जोनल एवं रीजनल ऑफिसर नरेंद्र कुमार एडवोकेट ने बताया कि जिले में संगठनात्मक नियुक्तियों और चुनावों की आधिकारिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस संगठन चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जो 13 जून 2026 तक चलेगी। चुनाव में भाग लेने के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। इसके लिए उम्मीदवार का जन्म 28 मई 1990 से 29 मई 2008 के बीच होना चाहिए।
नरेंद्र कुमार ने बताया कि नामांकन के दौरान उम्मीदवारों को आयु एवं पहचान प्रमाण के रूप में ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट अथवा 10वीं की अंकसूची प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) भी अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। उम्मीदवारों को अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी स्पष्ट रूप से देना आवश्यक होगा। वहीं आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को वैध जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, तभी उन्हें आरक्षित श्रेणी के तहत मिलने वाली शुल्क रियायत का लाभ प्राप्त होगा।
प्रेस वार्ता में विभिन्न पदों के लिए निर्धारित नामांकन शुल्क की भी जानकारी दी गई। जिला अध्यक्ष पद के लिए सामान्य वर्ग का शुल्क 7,500 रुपये तथा आरक्षित वर्ग के लिए 3,000 रुपये निर्धारित किया गया है। जिला महासचिव पद के लिए सामान्य शुल्क 3,000 रुपये एवं रियायती शुल्क 1,500 रुपये रखा गया है। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए सामान्य शुल्क 1,000 रुपये तथा रियायती शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 150 रुपये और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
उन्होंने कहा कि सभी इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन एवं शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करें। समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी आत्मा सिंह क्षत्रिय, दीपक गुप्ता, दिलीप बंजारा, लक्ष्मीकांत भास्कर, राजेश छैदईया, नरेश पाटले, जित्तू श्रीवास्तव, इंद्रजीत कुर्रे, विष्णु खांडे, महीतोष बंजारा, नीरज यादव, योगेश्वर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता के माध्यम से संगठन चुनाव को पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
