मुंगेली। सर्व आदिवासी समाज एवं गोंड महासभा मुंगेली ने आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है। समाज ने सोशल मीडिया पर आदिवासी समुदाय के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी, जिला मुख्यालय में पोस्ट मैट्रिकोत्तर आदिवासी छात्रावास की स्वीकृति तथा आदिवासी ध्वज के अपमान के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
ज्ञापन में बताया गया कि गरियाबंद जिले के ग्राम अमलीपदर निवासी एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर आदिवासी समाज के खिलाफ कथित रूप से जातिसूचक और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। मामले में थाना अमलीपदर में शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में नाराजगी है। समाज ने आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं, समाज ने मुख्यमंत्री से मुंगेली जिला मुख्यालय में पोस्ट मैट्रिकोत्तर आदिवासी बालक-बालिका छात्रावास को शिक्षा सत्र 2026-27 से शुरू करने की स्वीकृति देने की मांग दोहराई है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री द्वारा 10 मई 2026 को मुंगेली प्रवास के दौरान छात्रावास और रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना के लिए की गई घोषणाओं का उल्लेख करते हुए जल्द अमल की अपेक्षा जताई गई है।
इसके अलावा पथरिया विकासखंड के लौदा गांव में आदिवासी सतरंगी ध्वज के कथित अपमान के मामले में भी कार्रवाई की मांग की गई है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो 11 जून को पथरिया एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
सर्व आदिवासी समाज ने स्पष्ट कहा है कि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
