मुंगेली। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली के विस्तार की दिशा में निरंतर किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी को जिला प्रशासन मुंगेली द्वारा आयोजित राज्योत्सव समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले के करकमलों से संस्था को यह सम्मान प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी विगत दस वर्षों से ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा अब तक 8,000 से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिनमें से अनेक पौधे आज विशाल वृक्ष का रूप लेकर मुंगेली की सुंदरता और हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। संस्था का विशेष प्रयास केवल पौधरोपण तक सीमित न रहकर उनकी सुरक्षा, देखरेख और उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने पर भी केंद्रित रहा है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पूर्व सांसद लखन लाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जनपद अध्यक्ष रामकमल सिंह, जिला पंचायत सीईओ गोकुल राम रावटे सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर, सह संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, संदीप सिंह ठाकुर, वासु पांडेय एवं रवि साहू उपस्थित रहे।
संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संस्था के प्रत्येक सदस्य की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पिछले दस वर्षों से साथी जिस निष्ठा और लगन के साथ पर्यावरण संरक्षण के कार्य में जुटे हैं, यह सम्मान उनके उत्साह को और बढ़ाएगा। हमारा प्रयास है कि मुंगेली को हराभरा और स्वच्छ बनाने का यह अभियान निरंतर जारी रहे।
अभियान निरंतर जारी रहे।
वहीं संस्था के कोषाध्यक्ष धनराज परिहार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। हमने पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें सहेजने और वृक्ष बनाने का संकल्प लिया है। राज्योत्सव में मिला यह सम्मान हमें और अधिक ऊर्जा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। हमारा लक्ष्य है कि हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली अभियान आने वाले वर्षों में और व्यापक स्वरूप ले।
संस्था ने इस सम्मान के लिए जिला प्रशासन एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के अपने संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
