मुंगेली। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों और बिजली दरों में वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को आयोजित सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम उपभोक्ताओं पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय बिजली के दाम बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त भार डाल रही है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि हाल ही में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में प्रति यूनिट बढ़ोतरी की गई है, वहीं कृषि पंप उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार डाला गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय प्रदेशवासियों को राहत देने के लिए कई योजनाएं संचालित की गई थीं, जबकि वर्तमान सरकार लगातार बिजली महंगी कर रही है। प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को इस माह सामान्य से कई गुना अधिक बिजली बिल प्राप्त हुए हैं, जिससे आम जनता परेशान है। बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भी उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। कई स्थानों से वास्तविक खपत की तुलना में अधिक यूनिट दर्ज होने और अधिक बिल भेजे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं साथ ही प्रदेश में बिजली कटौती की समस्या भी बनी हुई है। एक ओर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है, वहीं दूसरी ओर बढ़े हुए बिलों से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने सरकार से बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी सड़क से सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से बिजली उपभोक्ताओं के हित में तत्काल कदम उठाने और बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने की मांग भी की।
प्रेस वार्ता में मुख्यरूप से मुंगेली जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू, रोहित शुक्ला, अभय नारायण, हेमेंद्र गोस्वामी,शहर अध्यक्ष दीपक गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश मिरी,ब्लॉक अध्यक्ष रघुराज सिंह, राजेश छेदईया, तारनी विश्वकर्मा, लक्की गर्ग, भवानी माथुर, जित्तू श्रीवास्तव,संजय जायसवाल, अजय साहू, सूरज यादव, एजाज खोखर, उर्मिला यादव, अनीता विश्वकर्मा, नीरज यादव, भूपेंद्र साहू, विष्णु खांडे,सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
