मुंगेली। मुंगेली में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्यवाही सामने आई है जहां कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन की निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. शीला साहा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जिला मुख्यालय स्थित लाइफ लाइन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उपचार और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जांच में आयुष्मान योजना से संबंधित सूचना पट्टों की कमी, निर्धारित बेडों के चिन्हांकन में खामियां, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की अनियमितताएं तथा अस्पताल संचालन से जुड़े विभिन्न मानकों का पालन नहीं पाए जाने जैसी कमियां सामने आईं।
मरीजों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर भी योजना के प्रावधानों के पालन में सुधार की आवश्यकता महसूस की गई। इसके बाद सीएमएचओ डॉ. शीला साहा ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए सभी कमियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर दूर करने के निर्देश दिए।
डॉ. साहा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और पूरी तरह निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। योजना के नियमों का उल्लंघन या मरीजों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, प्रभारी जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रशांत ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
