मुंगेली। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर सुन्नी हन्फ़ी कच्छी मस्जिद की ओर से नमाज के समय को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए सुन्नी हन्फ़ी कच्छी मस्जिद के मुतवल्ली सैय्यद वाजिद की जानिब से ईद की नमाज के समय में बदलाव का फैसला लिया गया है, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जानकारी के अनुसार, ईद-उल-अजहा की पहली नमाज सुबह 8 बजे ईदगाह मैदान, पड़ाव चौक में अदा की जाएगी। वहीं, जो लोग किसी कारणवश पहली जमात में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए दूसरी जमात सुबह 10 बजे सुन्नी हन्फ़ी कच्छी मस्जिद, गोल बाजार में अदा की जाएगी।
मुतवल्ली सैय्यद वाजिद ने तमाम अकीदतमंदों और शहरवासियों से समय का विशेष ध्यान रखते हुए तय समय पर पहुंचने की अपील की है। साथ ही गर्मी के मद्देनजर लोगों से एहतियात बरतने, पानी साथ रखने और समय से पहले पहुंचने की भी सलाह दी गई है।
ईद-उल-अजहा को लेकर मुस्लिम समाज में तैयारियां जोरों पर हैं और लोग इस मुबारक मौके पर नमाज अदा कर अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ करेंगे।
वही त्यौहार को ले कर मुतवल्ली सैय्यद वाजिद ने सामाजिक लोगो से अपील की है कि ईदुल अज़हा हमें कु़र्बानी, सब्र, इंसानियत और अल्लाह की रज़ा के लिए अपना सब कुछ कु़र्बान करने का पैग़ाम देती है। इस मुबारक मौके पर तमाम अहल-ए-जमात से अदब के साथ गुज़ारिश है कि— कुर्बानी के मौके पर एहतियात करें। खुले में जानवरों की कु़र्बानी न करें, अपने आसपास सफाई का खास एहतिमाम रखें, गरीब, मिस्कीन और ज़रूरतमंद लोगों को अपनी खुशियों में शामिल करें साथ ही अमन, भाईचारा और मोहब्बत का माहौल बनाए रखें।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
