मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 10 मई (रविवार) को मुंगेली दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों एवं समाज सुधारकों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। दौरे के दौरान वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम, नवागढ़ रोड, मुंगेली में आयोजित विशाल आमसभा को भी संबोधित करेंगे।
जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमजीत सिंह, विधायक सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री सबसे पहले कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद दाऊपारा चौक में बाबा गुरु घासीदास जी की प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं पड़ाव चौक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण होगा और नवागढ़ मोड़ में भक्त माता कर्मा की प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों की मौजूदगी रहने की संभावना जताई जा रही है।
इस पूरे आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
