मुंगेली। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप मुंगेली जिले को 07 नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस मिली हैं, जिन्हें जिला कलेक्टोरेट परिसर से विधायक पुन्नूलाल मोहले ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधायक मोहले ने इस अवसर पर कहा कि इन एम्बुलेंस के जुड़ने से जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि शासन का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में मरीज को तत्काल सहायता मिल सके।
जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि नई एम्बुलेंसों का वितरण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किया गया है। इसके तहत 02 एम्बुलेंस जिला चिकित्सालय, 01 सेतगंगा, 02 लोरमी क्षेत्र, 01 पथरिया और 01 सरगांव में तैनात रहेंगी। इससे जिले के दूरस्थ इलाकों तक भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी।

इस दौरान अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एसडीएम अजय शतरंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे, डॉ. एम.के. रॉय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
इन नई एम्बुलेंस सेवाओं के शुरू होने से मुंगेली जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही आम नागरिकों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
