मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुंगेली दौरे से पहले भाजपा में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं दिख रहा। शहरभर में लगाए गए स्वागत पोस्टरों और बैनरों ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है। वजह—प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें पोस्टरों से गायब! अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यह लापरवाही है, स्थानीय राजनीति का खेल या फिर किसी को राजनीतिक तौर पर ‘गायब’ करने की कोशिश?
मुख्यमंत्री के स्वागत में शहर के चौक-चौराहों पर लगे पोस्टरों में कुछ चुनिंदा चेहरों की भरमार दिखी, लेकिन भाजपा के बड़े और प्रभावशाली नेताओं को जगह तक नहीं मिली। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में दबे स्वर में नाराजगी और कानाफूसी तेज हो गई है। पार्टी के भीतर यह चर्चा गर्म है कि क्या मुंगेली भाजपा में अब पोस्टर ही राजनीतिक वफादारी और ताकत का नया पैमाना बन चुके हैं?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री के स्वागत जैसे हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय शर्मा जैसे बड़े चेहरे का पोस्टरों से गायब होना साधारण बात नहीं मानी जा रही। लोग सवाल पूछ रहे हैं—क्या यह महज डिज़ाइन की भूल है या फिर किसी खास लॉबी की पसंद-नापसंद का असर?

हैरानी की बात यह भी है कि यह कोई पहला विवाद नहीं है। इससे पहले भी महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में प्रचार सामग्री से वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें गायब होने पर पार्टी में नाराजगी की खबरें सामने आई थीं। तब मामला दब गया, लेकिन अब मुख्यमंत्री के दौरे में फिर वही कहानी दोहरने से ‘सब ठीक है’ वाली तस्वीर पर सवाल उठने लगे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच अब एक सवाल तेजी से तैर रहा है—
“क्या मुंगेली भाजपा में कुछ नेताओं को पोस्टरों से ही ‘आउट’ करने की रणनीति चल रही है?”
फिलहाल संगठन खामोश है… लेकिन शहर की राजनीति में पोस्टरों ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि अंदर कहीं न कहीं कुछ तो खदबदा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
