मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मुंगेली पहुंचे, जहां पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित विशाल कार्यक्रम में जिलेवासियों को 353 करोड़ रुपये की विकास सौगात दी गई। मुख्यमंत्री ने जिले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 414 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया, जिससे जिले में अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत के साथ हुई। स्टेडियम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की उपस्थिति देखने को मिली। मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करने के बाद आमसभा को संबोधित करने की तैयारी की, जहां वे सरकार की योजनाओं और जिले के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, स्थानीय विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि एक साथ बड़ी संख्या में विकास कार्यों की सौगात मिलने से क्षेत्र में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
