मुंगेली । माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव बड़े उत्साह और सांस्कृतिक परंपराओं की गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के डायरेक्टर आलोक पाठक, कोषाध्यक्ष सुरेश सत्यपाल और अभिलाष सिंह द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर छत्तीसगढ़ी अस्मिता की सुगंध से महक उठा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समा कार्यक्रम में प्रस्तुत सुआ नृत्य और राउत नाचा विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सुआ नृत्य में नन्हीं बच्चियों ने पारंपरिक परिधानों में लयबद्ध ताल के साथ नृत्य कर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। वहीं राउत नाचा के प्रदर्शन ने छत्तीसगढ़ के कृषक और यादव समुदाय की लोक संस्कृति को जीवंत मंच पर उतार दिया। ढोल, मंजीरा और पारंपरिक धुनों के साथ पूरा माहौल उत्साह और उल्लास से उमंगित रहा। राज्योत्सव प्रदर्शनी रही विशेष केंद्र में विद्यालय परिसर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव प्रदर्शनी ने अभिभावकों और बच्चों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में राज्य की संस्कृति को झांकियों के माध्यम से सजीव रूप दिया गया। इसमें— लोक व्यंजन: ठेठरी-खुर्मी, बोरे बासी, चीला आदि लोक आभूषण एवं वेशभूषाएं: करधन, बिंदोरी, तिरंगा पगड़ी लोक त्योहार: पोला, मातर पूजा, भैंसाझिरा धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल: महामाया मंदिर रतनपुर, दंतेश्वरी मंदिर दंतेवाड़ा, सिरपुर प्राकृतिक स्थलों की झांकी: चित्रकोट जलप्रपात, गंगरेल बांध, जंगल सफारी इन झांकियों के माध्यम से छात्रों ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का सुंदर प्रदर्शन किया। “संस्कृति से जुड़े रहना ही वास्तविक शिक्षा” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डायरेक्टर आलोक पाठक ने कहा— “छत्तीसगढ़ की संस्कृति हमारी पहचान है। बच्चों में अपनी माटी, अपनी जड़ों और परंपराओं के प्रति सम्मान का भाव जागृत करना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है। विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्यरत है।” कार्यक्रम के संचालन में विद्यार्थियों ने प्रभावी भूमिका निभाई। अंत में प्राचार्य संतोष सिंह क्षत्रिय ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
