मुंगेली। मुंगेली में आज उपमुख्यमंत्री अरुण साव के कथित मित्रों द्वारा आयोजित जन्म उत्सव कार्यक्रम में विज्ञापन के मामले में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को उपेक्षित रखे जाने को लेकर नाराजगी सामने आई है। इस मामले में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संघ मुंगेली ने विरोध जताते हुए कार्यक्रम का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। संघ का कहना है कि मीडिया के एक वर्ग को प्राथमिकता देना और दूसरे वर्ग को नजरअंदाज करना मीडिया जगत के बीच सम्मानजनक एवं समान व्यवहार की भावना के अनुरूप नहीं है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संघ के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने जारी संदेश में कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को केवल कार्यक्रमों की खबर प्रसारित करने या भीड़ जुटाने के माध्यम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। पत्रकारिता के सभी माध्यम जनसरोकारों और आयोजनों को व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ऐसे में विज्ञापन एवं प्रचार-प्रसार के दौरान किसी एक माध्यम की उपेक्षा उचित नहीं है।
संघ की ओर से यह भी कहा गया कि इससे पहले भी कई अवसरों पर ऐसी स्थिति देखने को मिली है, जहां इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की मौजूदगी के बिना प्रेस वार्ता या कार्यक्रमों की शुरुआत तक नहीं होती। कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने, लाइव टेलीकास्टिंग, ब्रॉडकास्टिंग, ग्राउंड रिपोर्टिंग और ग्राउंड जीरो से तत्काल खबरों के प्रसारण में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बावजूद इसके, जब विज्ञापन एवं प्रचार-प्रसार की बात आती है तो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को नजरअंदाज किए जाने की शिकायत सामने आती रही है।
संघ के संदेश में डिजिटल युग में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कहा गया कि आज प्रेस वार्ताओं से लेकर सार्वजनिक, निजी, शासकीय एवं विभागीय आयोजनों तक व्यापक प्रचार-प्रसार में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अहम कड़ी है। ऐसे में विज्ञापन के मामले में लगातार उपेक्षा होना मीडिया से जुड़े मेहनतकश और कर्मठ साथियों के लिए चिंताजनक विषय है।
जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि सम्मान, सहभागिता और समान व्यवहार पत्रकारिता जगत की अपेक्षा है, न कि किसी की कृपा। इसी मुद्दे को लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संघ मुंगेली ने कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है।
संघ का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दे पर आवाज उठाना आवश्यक है और इस दिशा में एकजुटता के साथ प्रयास किए जाएंगे, ताकि भविष्य में प्रचार-प्रसार और विज्ञापन के मामलों में सभी मीडिया माध्यमों के साथ समान एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित हो सके।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
