बिलासपुर। ग्राम पंचायत परसदा भरनी में काली उत्सव 2026 को लेकर धार्मिक उल्लास और उत्साह का माहौल है। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी काली उत्सव में श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। आयोजन को खास बनाने के लिए समिति द्वारा राज्य स्तरीय जसगीत प्रतियोगिता सहित झांकी और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में क्षेत्रीय प्रतिभाओं के साथ दूसरे स्थानों से आने वाले कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।
राज्य स्तरीय जसगीत और झांकी प्रतियोगिता में फाइनल राउंड के लिए 14 मंडली का चयन
काली उत्सव में राज्य स्तरीय जसगीत एवं झांकी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से पहुंचे कलाकारों और मंडलियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना दिया है। प्रारंभिक चरण में प्रदर्शन के आधार पर जसगीत एवं झांकी प्रतियोगिता के अगले राउंड के लिए कुल 14 मंडलियों एवं प्रतिभागियों का चयन किया गया है।जो कि आज प्रस्तुति देंगे.चयनित मंडलियों एवं प्रतिभागियों में मुंगेली- छतौना, गतौरा, मझबानी, राशि जायसवाल, कोरमी, गड़वट, भथरी, रजनी कमलानी, शिवम यादव (झांकी), सेलर (झांकी), बिटकुला (झांकी), नन्ही डॉली बेलपान, मशीनी और पौसरी (झांकी) शामिल हैं। अगले राउंड में चयनित प्रतिभागियों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा, जिसे लेकर आयोजन स्थल पर उत्साह बना हुआ है।
जसगीत प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 11,001 रुपये, द्वितीय 7,001 रुपये, तृतीय 5,001 रुपये, चतुर्थ 3,001 रुपये और पंचम पुरस्कार 1,001 रुपये निर्धारित किया गया है। पंचम पुरस्कार गोपी वस्त्रकार द्वारा प्रदान किया जाएगा।
**झांकी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 15,001 रुपये**
उत्सव में झांकी प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके लिए पांच पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम पुरस्कार 15,001 रुपये, द्वितीय 11,001 रुपये, तृतीय 7,001 रुपये, चतुर्थ 5,001 रुपये और पंचम पुरस्कार 3,001 रुपये रखा गया है।
**रंगोली प्रतियोगिता में सात पुरस्कार**
रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा को मंच मिलेगा। इसमें प्रथम पुरस्कार 5,101 रुपये, द्वितीय 3,101 रुपये, तृतीय 2,101 रुपये, चतुर्थ 1,501 रुपये, पंचम 1,001 रुपये, षष्ठम 701 रुपये और सप्तम पुरस्कार 501 रुपये निर्धारित किया गया है। विभिन्न पुरस्कारों के लिए सहयोगकर्ताओं के नाम भी तय किए गए हैं। विजेताओं को नगद राशि के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
**धार्मिक परंपरा के साथ लोक संस्कृति का संगम**
काली उत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना भी है। जसगीत के जरिए छत्तीसगढ़ की धार्मिक संगीत परंपरा की झलक मिल रही है, वहीं झांकी और रंगोली प्रतियोगिताएं बच्चों, युवाओं एवं कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रही हैं।
**आयोजन समिति जुटी व्यवस्था बनाने में**
काली उत्सव को सफल और भव्य बनाने के लिए आयोजन समिति के सदस्य जुटे हुए हैं। आयोजन से जुड़े राकेश वस्त्रकार, अजय साहू, भोला वस्त्रकार, विकास यादव, सुनील यादव (उपसरपंच), भरत लोनिया, संतोष लोनिया, अनिल यादव, राकेश निर्मलकर और कृष्ण कुमार लोहार सहित अन्य सहयोगी व्यवस्थाओं में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।कुल मिलाकर परसदा भरनी का काली उत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और प्रतिभाओं के सम्मान का साझा मंच बन रहा है। राज्य स्तरीय जसगीत एवं झांकी प्रतियोगिता के अगले राउंड में पहुंचे 14 मंडलियों एवं प्रतिभागियों के बीच मुकाबले को लेकर आज विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आकर्षक पुरस्कारों और विविध सांस्कृतिक आयोजनों ने उत्सव की रौनक और बढ़ा दी है।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
