मुंगेली। मुंगेली-रायपुर मुख्य मार्ग पर बनाए गए स्वागत गेट के पास सड़क की बदहाल स्थिति अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। गेट निर्माण के बाद सड़क को समतल नहीं किए जाने से यहां गहरे गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ हिस्सा बन गया है, जिससे हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
यह मार्ग जिले का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने या वाहन का संतुलन बिगड़ने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बाइक सवारों और रात के समय सफर करने वाले लोगों के लिए यह स्थान बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की यह स्थिति कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वागत गेट के पास क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके। प्रशासन की लापरवाही पर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
