बेमेतरा । बेमेतरा जिले के देवकर स्थित हज़रत सैय्यद अली मीरा दातार रहमतुल्लाह अलैह की पवित्र छिल्लागाह में आयोजित वार्षिक उर्स के अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक नीति मंच के प्रदेश मंत्री प्रभारी मौलाना आलम भी उर्स में शामिल हुए। उन्होंने दरगाह पर चादर एवं अकीदत के फूल पेश कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और आपसी सौहार्द की दुआ की।
इस अवसर पर दरगाह कमेटी के अध्यक्ष हाजी मिर्ज़ा अजीज बेग एवं संरक्षक रेज़ाऊ सिन्हा ने मौलाना आलम का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उर्स सूफी परंपरा, इंसानियत और गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित दूर-दराज़ से हजारों जायरीन शामिल होते हैं।
मौलाना आलम ने कहा कि सूफी संतों की शिक्षाएं प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से सूफी संतों के बताए मार्ग पर चलकर समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
उर्स के दौरान कुरआनखानी, फातिहा, चादरपोशी और विशेष दुआ का आयोजन किया गया। आयोजन में उलेमा-ए-किराम, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, दरगाह कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जायरीन उपस्थित रहे। पूरा माहौल धार्मिक आस्था, अनुशासन और भाईचारे से सराबोर रहा।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
