मुंगेली। शहर के पेंडाराकापा रोड स्थित पानी टंकी के सामने नली के ऊपर बना स्पीड ब्रेकर किसी भारी हाइवा वाहन के दबाव में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। अब यह टूटा हुआ ब्रेकर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। सड़क के बीच बने गहरे गड्ढेनुमा हिस्से से रोजाना सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं, लेकिन संबंधित विभाग अब तक इसकी मरम्मत कराने में पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
बारिश के कारण सड़क पर पानी भर जाने से टूटा हुआ हिस्सा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ गई है। खासकर दोपहिया वाहन चालक और रात के समय गुजरने वाले लोग सबसे अधिक जोखिम में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक अचानक गड्ढे में फंसकर संतुलन खो देते हैं और बड़ी दुर्घटना होने से बाल-बाल बचते हैं।
लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते इस क्षतिग्रस्त ब्रेकर की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा होना तय है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है और किसी अप्रिय घटना का इंतजार करता नजर आ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि इस टूटे हुए स्पीड ब्रेकर की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा आवश्यक चेतावनी संकेत भी लगाए जाएं, ताकि लोगों की जान जोखिम में न पड़े। अब देखना यह होगा कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद जागेगा या उससे पहले ही अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
