मुंगेली। जिले के ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब का कारोबार एक बार फिर प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। आबकारी विभाग की छापेमार कार्रवाई के बावजूद शराब कोचियों के हौसले पस्त होने के बजाय और बुलंद दिखाई दे रहे हैं। हालात यह हैं कि जिन गांवों में कार्रवाई होती है, वहां कुछ ही दिनों बाद फिर से अवैध शराब का कारोबार खुलेआम शुरू हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिला मुख्यालय से महज 8 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कई गांवों में शाम ढलते ही शराब कोचियों के ठिकाने सक्रिय हो जाते हैं। मानपुर, भीमपुरी, धरमपुरा, गीधा, कोदवाबानी, नवागांव, निनिया, खुजहा और मदनपुर जैसे गांवों में खुलेआम शराब बेचे जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में आबकारी विभाग ने जरहागांव, धरमपुरा और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई की थी, लेकिन उसका असर कुछ ही दिनों तक रहा। इसके बाद अवैध शराब की बिक्री फिर पहले की तरह शुरू हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों और कथित सफेदपोशों के संरक्षण के कारण यह कारोबार फल-फूल रहा है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सरकारी शराब दुकानों में कई बार शराब की कमी की स्थिति रहती है, जबकि गांवों में अवैध शराब आसानी से उपलब्ध हो जाती है। इससे सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यह नेटवर्क किस तरह संचालित हो रहा है।
कुछ समय पहले महिला स्व-सहायता समूहों ने नशा मुक्ति अभियान चलाकर गांव-गांव लोगों को जागरूक किया था। उस दौरान अवैध शराब के कारोबार में कमी भी देखने को मिली थी, लेकिन अभियान की गति धीमी पड़ते ही कोचिए फिर सक्रिय हो गए।
अब ग्रामीणों की मांग है कि केवल औपचारिक कार्रवाई के बजाय लगातार निगरानी और निष्पक्ष अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबार की जड़ तक पहुंचा जाए। यदि अवैध कारोबार को संरक्षण देने वाले लोगों की भी निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाती है, तो इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि कार्रवाई के दावों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार आखिर क्यों नहीं थम रहा? इसका जवाब प्रशासन और आबकारी विभाग को अपनी कार्रवाई से देना होगा।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
