मुंगेली। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिले में तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नर्सिंग महाविद्यालय में जन-जागरूकता कार्यक्रम, रैली, रंगोली, पोस्टर पेंटिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की थीम “निकोटीन और तंबाकू की लत का पर्दाफाश” रही। कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेषकर कैंसर और हृदय रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए आकर्षक पोस्टर, रंगोली और स्लोगन प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली में “तंबाकू छोड़ें, जीवन से जुड़ें” और “तंबाकू को कहें ना, स्वस्थ जीवन को कहें हाँ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान आमजनों के बीच जागरूकता सामग्री का भी वितरण किया गया।
जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) डॉ. कासिम कुरैशी ने बताया कि तंबाकू और निकोटीन उत्पादों से दूरी बनाकर ही स्वस्थ जीवन संभव है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय के कक्ष क्रमांक-13 में तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में साइकोलॉजिस्ट ओमप्रकाश साहू और सोशल वर्कर बलराम सिंह साकत ने प्रतिभागियों को कोटपा अधिनियम-2003 तथा तंबाकू नियंत्रण संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
