रायपुर। छत्तीसगढ़ में उर्स के दौरान डीजे, ढोल और नाच-गानों के नाम पर बढ़ती अव्यवस्थाओं को लेकर अब मुस्लिम समाज ने सख्त रुख अपनाया है। राजधानी रायपुर में जमाअत रज़ा ए मुस्तफा छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों और मुस्लिम समाज के लोगों ने छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज को ज्ञापन सौंपकर प्रदेशभर में उर्स आयोजनों के दौरान होने वाले हुड़दंग, तेज ध्वनि वाले डीजे और धार्मिक मर्यादा के विपरीत गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में कहा कि उर्स एक धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य सूफी संतों की याद में इबादत, दुआ और सामाजिक भाईचारे को बढ़ावा देना होता है। लेकिन हाल के वर्षों में कई स्थानों पर उर्स के नाम पर तेज आवाज में डीजे बजाना, ढोल-नगाड़ों के साथ अशोभनीय नृत्य और नाच-गाने जैसी गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
प्रतिनिधियों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां इस्लामिक परंपराओं और धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं। समाज के लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि उर्स जैसे पवित्र आयोजन को मनोरंजन और प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। ऐसे आयोजनों से समाज में गलत संदेश जाता है और धार्मिक कार्यक्रमों की गरिमा भी प्रभावित होती है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रदेश के सभी जिलों में उर्स आयोजनों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे धार्मिक कार्यक्रमों की पवित्रता बनी रहे और किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनुशासनहीनता पर रोक लग सके।
वहीं, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस विषय पर जल्द उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि धार्मिक परंपराओं और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और नियमों के विरुद्ध गतिविधियां पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, उर्स आयोजनों की निगरानी के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में 3-3 सदस्यीय समिति गठित करने का प्रस्ताव भी सामने आया है। ये समितियां आयोजन स्थल पर निगरानी रखेंगी और यदि किसी उर्स कमेटी द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित समिति पर जुर्माना या अन्य कार्रवाई की सिफारिश की जा सकेगी।
समाज के लोगों का मानना है कि इस पहल से उर्स की धार्मिक गरिमा और परंपराओं को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी, साथ ही धार्मिक आयोजनों में अनुशासन और शांति का माहौल भी बना रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
