मुंगेली। नगर पालिका क्षेत्र में बढ़ते अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन और नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई तेज कर दी है। शहर के प्रमुख मार्गों पर वर्षों से फैले अवैध कब्जों को हटाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां सड़कें चौड़ी और व्यवस्थित नजर आने लगी हैं, वहीं अतिक्रमणकारियों और नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, दाऊपारा चौक से कलेक्टर कार्यालय मार्ग तथा दाऊपारा से लोरमी रेस्ट हाउस तक दोनों ओर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने का कार्य लगातार जारी है। सड़क किनारे दुकान के सामने बढ़ाए गए शेड, सीढ़ियां, अस्थायी निर्माण, कब्जे और यातायात में बाधा बनने वाले ढांचों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। प्रशासन की सख्ती का असर यह भी देखने को मिल रहा है कि कई व्यापारी स्वयं आगे आकर अपनी दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने लगे हैं।
शहर में लंबे समय से सड़क किनारे अवैध कब्जों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनती थी और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब सड़कें पहले की तुलना में काफी चौड़ी और खुली नजर आने लगी हैं, जिससे आवागमन सुगम होने की उम्मीद बढ़ गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और यातायात बाधा मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। चेतावनी दी गई है कि जिन लोगों ने अब भी सार्वजनिक भूमि या सड़क किनारे अवैध कब्जा कर रखा है, वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा और नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं संबंधित व्यक्ति की होगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों बाद शहर में सड़कें खुली दिखाई दे रही हैं और यदि इसी तरह कार्रवाई जारी रही तो मुंगेली की यातायात व्यवस्था और शहर की सुंदरता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
