मुंगेली। मुंगेली में जिला कांग्रेस के द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर जमकर सवाल उठाए गए। प्रेस वार्ता के दौरान प्रवक्ता के रूप में आए विजय केशरवानी ने महंगाई, डीजल-पेट्रोल की कीमतों, गैस संकट, उर्वरक की उपलब्धता और आम आदमी की आर्थिक स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता पहले से परेशान है और ऐसे समय में सरकार लोगों से बचत और कम उपयोग की अपील कर रही है । उन्होंने ने यह भी बताया कि कुछ समय से देश के कई हिस्सों में डीजल, पेट्रोल और गैस को लेकर संकट की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। किसानों को पर्याप्त उर्वरक नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। नेताओं ने दावा किया कि किसान महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को जनता को सलाह देने के बजाय पहले मूलभूत समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कामकाजी वर्ग और महिलाओं पर बढ़ती महंगाई के असर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि घरेलू बजट लगातार बिगड़ रहा है और आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं।
प्रेस वार्ता में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और सोने के बढ़ते दामों का भी मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पिछले वर्षों की तुलना में ईंधन की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ा है। वहीं प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर भी सवाल खड़े किए गए।उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के कारण आम आदमी पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को राहत देने वाली नीतियों पर काम करना चाहिए, ताकि जनता को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
