सक्ती। सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक के सिंघीतराई गांव स्थित वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा हो गया है। प्लांट के बॉयलर का ट्यूब फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 3 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन कई मजदूरों के अब भी मलबे या प्लांट के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एसपी प्रफुल ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बॉयलर ट्यूब फटने से हादसा हुआ है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मृतकों व घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस घटना के बाद एक बार फिर प्लांट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
अब सवाल यह है कि आखिर कब तक मजदूरों की जान के साथ ऐसा खिलवाड़ होता रहेगा? क्या प्रशासन इस बार सख्ती दिखाएगा या फिर यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा?


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
