मुंगेली।छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर राजपूत की हत्या के मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों और 4 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की साजिश मृतक के अपने सगे भाई, चचेरे भाई और रिश्तेदारों ने ही रची थी।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को दामोदर राजपूत घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन उनकी मोटरसाइकिल ग्राम मनोहरपुर के पास सुनसान रास्ते में लावारिस हालत में मिली। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुंगेली पुलिस ने “त्रिनयन एप” और जिले में लगे CCTV कैमरों की मदद ली। कैमरों की पड़ताल में एक संदिग्ध हुंडई ईऑन कार सामने आई, जो मृतक का पीछा कर रही थी। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक के भाई रणजीत राजपूत, चचेरे भाई रामपाल राजपूत और अन्य परिजनों ने करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने करीब 10 लाख रुपये और जमीन के बदले सुपारी देकर दामोदर राजपूत की हत्या करवाई।
21 मार्च को आरोपियों ने सुनसान रास्ते में गाड़ी रोककर गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट कर कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के जंगल में ले जाकर नदी किनारे रेत में दफना दिया गया। सबूत मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया गया, ताकि मामला गुमशुदगी का लगे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक और उसके बेटे के बीच विवाद था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने फर्जी नोटरी और वचनपत्र तैयार कर संपत्ति अपने नाम कराने की योजना बनाई थी।
मुंगेली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं 4 नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। आरोपियों के पास से सुपारी की राशि, कार, बाइक और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले का खुलासा आधुनिक तकनीक और सतर्क जांच के चलते संभव हो पाया है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संपत्ति के लालच में रिश्ते भी खून के प्यासे हो सकते

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
