मुंगेली। शहर में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की परेशानी भी बढ़ गई है। शहर के कई वार्डों और मोहल्लों में गंदगी, जाम नालियों और जगह-जगह जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शाम ढलते ही मच्छरों का आतंक इस कदर बढ़ जाता है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना तो दूर घरों पर रहना भी मुश्किल हो जाता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को इससे सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की ओर से मच्छरों के नियंत्रण के लिए कोई ठोस और नियमित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कई वार्डों में लंबे समय से फॉगिंग नहीं हुई है और न ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। शहर की अधिकांश नालियां जाम पड़ी हैं, जिनमें गंदा पानी भरा हुआ है। यही स्थिति मच्छरों के पनपने के लिए सबसे अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है।
मुंगेली नगर पालिका इसे लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
इस बीच स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया की दवा खिला रहे हैं और इस बीमारी के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं। फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जो मच्छरों के काटने से फैलती है। इसलिए इस बीमारी की रोकथाम के लिए दवा का सेवन जरूरी बताया जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि केवल दवा खिलाने से ही समस्या का पूर्ण समाधान नहीं होगा।
विशेषज्ञों के अनुसार फाइलेरिया, मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि मच्छरों के पनपने के स्थानों को खत्म किया जाए। इसके लिए नालियों की नियमित सफाई, गंदे पानी की निकासी, फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव बेहद आवश्यक है। यदि इन उपायों को नियमित रूप से लागू किया जाए तो मच्छरों की संख्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
शहर के जागरूक नागरिकों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि बढ़ते मच्छर प्रकोप को गंभीरता से लिया जाए और तत्काल प्रभाव से फॉगिंग, साफ-सफाई और दवा छिड़काव जैसे कार्यों को तेज किया जाए। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा और भी बढ़ सकता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
