मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली के अंतर्गत गोल बाजार क्षेत्र में विगत कई दिनों से पाइपलाइन में आई तकनीकी त्रुटि के कारण सड़क पर लगातार पानी बह रहा है। मुख्य बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन सड़क पर जमा पानी और कीचड़ से राहगीरों, दुकानदारों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइपलाइन लीकेज की वजह से बीच सड़क पर पानी फूटकर बह रहा है, जिससे मार्ग फिसलन भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है, वहीं पैदल चलने वाले लोग भी असुविधा झेल रहे हैं। आसपास की दुकानों के सामने पानी जमा होने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
इस पूरे मामले में नगर पालिका की उदासीनता भी सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को होने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कार्य कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि गोल बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, ऐसे में इस तरह की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पाइपलाइन दुरुस्त नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराएंगे। फिलहाल लोगों को रोजाना इसी समस्या के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
