मुंगेली । मुंगेली जिले के मुंगेली जनपद पंचायत अंतर्गत कुंवागांव पंचायत में राशन वितरण के दौरान कथित अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पंचायत के सरपंच मयाराम साहू पर आरोप लगाया है कि उन्होंने राशन दुकान में बैठकर ‘ग्राम टैक्स’ के नाम पर प्रति हितग्राही 300 से 500 रुपये तक की वसूली की।
ग्रामीणों का आरोप है कि “पैसा दो, राशन लो” की तर्ज पर उनसे रकम ली गई। न तो किसी प्रकार की रसीद दी गई और न ही वसूली को लेकर कोई तय नियम या मापदंड बताया गया। सीधे तौर पर नकद राशि वसूले जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर राशन वितरण के दौरान पैसे लेते हुए दिखाया जा रहा है। जब मीडिया की टीम मौके पर पहुंचकर सरपंच से सवाल करने लगी, तो वे कैमरे के सामने से भागते नजर आए, जिससे संदेह और गहराता गया।
मामले को लेकर एसडीएम अजय शतरंज ने कहा है कि जांच के लिए टीम भेजी जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हैरानी की बात यह है कि जिस कुंवागांव पंचायत में यह मामला सामने आया है, वहीं जिला पंचायत कार्यालय भी स्थित है। इसके बावजूद इस तरह की कथित वसूली का उजागर होना जनपद स्तर की निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषी पाए जाने पर क्या सख्त कार्रवाई की जाती है।
नोट:– वायरल वीडियो की पुष्टि Prime Chhattisgarh नहीं करता

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
