मुंगेली । मुंगेली में शिक्षा, संस्कृति, धर्म और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान की कड़ी में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रयास प्रकाशन साहित्य अकादमी एवं शासकीय जे. पी. वर्मा कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में सोनकर कॉलेज, मुंगेली के संस्थापक सन्तु लाल सोनकर को उनके बहुआयामी सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक अवदान के लिए अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र, पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कुलपति ए. डी. एन. वाजपेयी रहे। अध्यक्षता डॉ. विनय कुमार पाठक ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बरेली (उत्तर प्रदेश) से पधारे महाकवि आचार्य देवेंद्र देव, डॉ. श्याम लाल निराला (प्राचार्य) एवं महेश शर्मा (राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय कवि संगम) की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राघवेंद्र दूबे (अध्यक्ष, प्रयास प्रकाशन) एवं बाल मुकुंद श्रीवास ने संयुक्त रूप से किया। स्वागत भाषण एवं आभार प्रदर्शन डॉ. अंजनी कुमार तिवारी (अध्यक्ष, राष्ट्रीय कवि संगम, बिलासपुर) द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सार्थकता पर प्रकाश डाला।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में अखिल भारतीय विकलांग चेतना परिषद के सहयोग से सन्तु लाल सोनकर के नेतृत्व में विकलांग विमर्श की उन्नीसवीं राष्ट्रीय संगोष्ठी का ऐतिहासिक आयोजन सम्पन्न हुआ, जिसमें देश के सात राज्यों से प्राध्यापक, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी वर्ग की सहभागिता रही। इस संगोष्ठी ने समावेशी समाज निर्माण की दिशा में एक सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर नवनीत मानस समिति पुरान के संयोजक विष्णु कुमार तिवारी ने श्री सोनकर के संस्कृति एवं धार्मिक क्षेत्र में दिए गए अवदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को रेखांकित किया।
समारोह उत्साह, गरिमा और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा, जिसमें शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में समर्पित व्यक्तित्वों के योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
