मुंगेली | मुंगेली जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। बिलापसुर रोड स्थित गर्ग सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल को गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई 11 फरवरी 2026 को किए गए औचक निरीक्षण के बाद की गई। छत्तीसगढ़ उपचरगृह (पंजीयन एवं विनियमन) अधिनियम 2013 के तहत गठित संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा अस्पताल की जांच की गई। निरीक्षण दल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) मुंगेली, जिला नोडल अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं। टीम को मौके पर कोई अधिकृत चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला। इसके साथ ही अस्पताल प्रबंधन आवश्यक पंजीयन दस्तावेज, अनुमति पत्र और अनिवार्य रिकॉर्ड प्रस्तुत करने में असफल रहा। जांच में यह भी पाया गया कि अस्पताल का संचालन निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था।
स्वास्थ्य विभाग ने इन अनियमितताओं को मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील करने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीयन और नियमों का पालन किए किसी भी निजी अस्पताल को संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में अन्य निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम्स की भी जांच जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
