मुंगेली। उन्नाव रेप प्रकरण के दोषी एवं भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को मिली जमानत के विरोध में मुंगेली जिला युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में परशुराम चौक से स्वर्ण जयंती चौक तक कैंडल मार्च निकालकर दोषी की जमानत रद्द करने और पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की गई।
यह कार्यक्रम जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजेश छैदईया के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं जिला पंचायत सदस्य व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस लक्ष्मीकांत भास्कर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रदेश प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मंडारे, प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा एवं जिला प्रभारी नजरुल इस्लाम के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
सरकार की नीयत पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सचिव लक्ष्मीकांत भास्कर ने कहा कि जघन्य महिला अपराध में न्यायालय द्वारा दोषसिद्ध अपराधी को जमानत मिलना सरकार की नीयत और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और पीड़िताओं की सुरक्षा को नजरअंदाज कर रही है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट और पुनः गिरफ्तारी की मांग
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजेश छैदईया ने केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उन्नाव रेप पीड़िता को तत्काल न्याय मिलना चाहिए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए। उन्होंने दोषी कुलदीप सेंगर की पुनः गिरफ्तारी, कड़ी सजा सुनिश्चित करने, महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार की लापरवाही की निंदा और महिला सुरक्षा कानूनों को और सख्ती से लागू करने की मांग की।
आंदोलन की चेतावनी
युवा कांग्रेस ने दोषियों को राजनीतिक संरक्षण देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस कैंडल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन में कांग्रेसजन दीपक गुप्ता, देवेंद्र वैष्णव, असद खोखर, इंद्रजीत सिंह, पोखराज बंजारे, ललित जायसवाल, मनीष साहू, अजय यादव, सागर सोनी, आयुष श्रीनेत सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसी और आमजन उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
