मुंगेली। जिला कलेक्टर कुंदन कुमार (भा.प्र.से.) और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सामाजिक समरसता बनाए रखने के उद्देश्य से “पहल” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के संवाद सभा कक्ष में सर्व समाज प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया अनुभाग से आए 150 से अधिक समाज प्रमुख एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने समाज प्रमुखों से अपील की कि वे अपने स्तर पर सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन, साइबर ठगी से बचाव, नशामुक्ति और यातायात नियमों के पालन के लिए समाज में जागरूकता फैलाएं।
अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सभी को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी तरह के ऑनलाइन प्रलोभन या धोखाधड़ी से बचना चाहिए। साथ ही, कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।
बैठक में समाज प्रमुखों ने भी प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे अपने-अपने समाज में साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, महिला और बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर लोगों को जागरूक करेंगे।
बैठक के दौरान समाज प्रमुखों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए, जिन पर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सार्थक व सारगर्भित जवाब दिए और सामाजिक एकता एवं भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल, हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा सहित जिले के अनेक समाज प्रमुख एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The Prime Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
